शहडोल । गोहपारू ब्लॉक स्थित मॉडल स्कूल में आज एक भावुक व गरिमामय वातावरण के बीच प्राचार्य शैल कुमार तिवारी के सेवानिवृत्ति अवसर पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। अपने सरल, सहज और मधुर व्यवहार से शिक्षा जगत में विशिष्ट पहचान बनाने वाले श्री तिवारी जी ने 25 नवम्बर 1985 से व्याख्याता के रूप
में अपनी सेवा यात्रा शुरू की थी। विगत 40 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने के पश्चात वे आज अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए।
मॉडल स्कूल गोहपारू में प्राचार्य पद पर 10 वर्षों तक अपने कुशल नेतृत्व व अनुशासन के साथ उन्होंने संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। सेवानिवृत्ति समारोह में श्री तिवारी जी का पुष्पमालाओं, अंगवस्त्र और श्रीफल के साथ आत्मीय स्वागत कर सभी ने उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना की।
इस गरिमामय अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ललित पांडे, संकुल प्राचार्य नीरज गुप्ता, अनिल द्विवेदी, अरुण मिश्रा, अवधेश द्विवेदी, बीआरसी समन्वयक लक्ष्मीकांत द्विवेदी, जैसीनगर बीआरसी समन्वयक राम नारायण विश्वकर्मा, पेंशनर्स एसोसिएशन संभाग अध्यक्ष सनत कुमार पांडे, महेश द्विवेदी, राजेश परोहा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। परिवार की ओर से श्रीमती साधना तिवारी (पत्नी), पुत्र चिराग तिवारी, पुत्री श्रीमती चारु तिवारी एवं दामाद राहुल, भतीजे सत्येंद्र तिवारी भी समारोह में उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से सीएम राइज गोहपारू के प्रधानाध्यापक आर.के. शर्मा, बी.के. पांडे, अमृतलाल एवं समस्त स्टाफ ने श्री तिवारी जी को स्मृति चिन्ह भेंट कर भावपूर्ण विदाई दी। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ गोहपारू इकाई के तहसील अध्यक्ष बालेंद्र मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष अमर बहादुर एवं संघ की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ मॉडल स्कूल प्रभारी प्राचार्य श्रीमती सी.पी. शर्मा, समस्त जन शिक्षक एवं शिक्षकगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन एवं संयोजन महेश प्रसाद द्विवेदी जी ने किया । यह आयोजन शिक्षा सेवा को समर्पित एक प्रेरणादायक अध्याय के समापन की निशानी था, जिसे उपस्थित सभी जनों ने हृदय से अनुभव किया।